शादी समारोह में हर्ष फायरिंग, तीन घायल, दो गिरफ्तार
हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र के झिवररेडी गांव में देर रात शादी समारोह में हर्ष फायरिंग हो गयी। फायरिंग में छर्रे लगने से गांव में महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। छर्रे लगने से महिला की हालत नाजुक होने पर उसे हायर सेंटर देहरादून के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं इस मामले में दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार झिंवररेडी गांव में लक्सर के भरनी गांव से कुछ लोग शादी समारोह में शामिल हुए थे। शादी में उन्होंने देर शाम अवैध तमंचे से फायरिंग करना शुरू कर दी। हर्ष फायरिंग के दौरान छर्रे एक महिला और दो व्यक्तियों को जा लगे। तमंचे से छर्रे लगते ही तीनों लहूलुहान हो गए। घटना के तुरंत बाद तीनों को लक्सर के राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने गंभीर हालात के चलते हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। जबकि दो की हालत सामान्य है। वहीं महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। लक्सर कोतवाली प्रभारी का कहना है कि हर्ष फायरिंग से एक महिला समेत तीन लोग छर्रे लगने से घायल हुए हैं। जिनका उपचार कराया गया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अवैध तमंचे को कब्जे में ले लिया है। अभी घायलों का इलाज चल रहा हैं। बाकी आगे की कार्रवाई की जा रही है।