चीला रोड पर दिनदहाड़े महिला से सोने की अंगूठी छीनकर फरार हुआ साधु के भेष में व्यक्ति
चीला- चीला रोड पर एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां साधु के भेष में आए एक व्यक्ति ने यात्रियों को निशाना बनाते हुए महिला की सोने की अंगूठी छीन ली और जंगल की ओर भाग निकला।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली जा रहे कुछ यात्री चीला रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान मोटा महादेव के पास साधु के वेश में खड़े एक व्यक्ति ने पानी पीने के बहाने उनकी गाड़ी रुकवाई। जैसे ही वाहन रुका, खिड़की के पास बैठी महिला से उसने झपट्टा मारकर सोने की अंगूठी छीन ली और तुरंत सड़क किनारे जंगल में कूदकर फरार हो गया।
घटना के बाद यात्रियों ने आसपास काफी देर तक आरोपी की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पीड़ित यात्री घटना की जानकारी देते हुए साफ तौर पर बता रहे हैं कि आरोपी ने पानी पीने का बहाना बनाकर गाड़ी रुकवाई और फिर महिला की अंगूठी छीनकर जंगल में भाग गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चीला रोड पर इस प्रकार की वारदात पहले कभी सुनने में नहीं आई ।










