हरिद्वार जनपद के श्यामपुर क्षेत्र में एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। रसियाबड़ के पास हाईवे पर एक प्राइवेट बस और रोडवेज बस की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें करीब 10 से 15 यात्री घायल हो गए।
थानाध्यक्ष श्यामपुर उप निरीक्षक नितेश शर्मा के मुताबिक डायल 112 के माध्यम से कोतवाली श्यामपुर पुलिस को सूचना मिली कि रसियाबड़ के पास हाईवे पर दो बसों की भिड़ंत हो गई है और कई यात्री बस में फंसे हुए हैं। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष श्यामपुर पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। साथ ही क्षेत्राधिकारी नगर भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की।

बताया जा रहा है कि प्राइवेट बस देहरादून से बारात लेकर नागलसोती (बिजनौर) लौट रही थी, जबकि रोडवेज बस बिजनौर से हरिद्वार की ओर आ रही थी। इसी दौरान रसियाबड़ के पास दोनों बसों की आमने-सामने टक्कर हो गई।

हादसे में बारात की बस में सवार 10-15 लोग घायल हो गए, जिनमें से 2 लोग बस में फंस गए थे। पुलिस और रेस्क्यू टीम ने तत्परता दिखाते हुए फंसे हुए यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया।
घायलों की पहचान अनीश (60 वर्ष), मुराद अली, सुहैल, नईम और नाजिर शाह (55 वर्ष), सभी निवासी जनपद बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई।
पुलिस द्वारा अन्य यात्रियों को दूसरी बसों के माध्यम से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
फिलहाल दोनों क्षतिग्रस्त बसों को सड़क किनारे सुरक्षित खड़ा कर दिया गया है और मौके पर यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित की जा रही है। पुलिस के अनुसार, कानून व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और घायलों का उपचार जारी है।












