हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 80 खाद्य पदार्थों की जांच में 12 नमूने फेल
चारधाम यात्रा 2026 से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए जनपद में व्यापक जांच अभियान चलाया। 9 अप्रैल 2026 को जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी के निर्देशन में विभिन्न टीमों द्वारा शहर के प्रमुख इलाकों में छापेमारी और सैंपलिंग की गई।
अभियान के दौरान रोडवेज बस स्टैंड, भूपतवाला, खड़खड़ी, पवन धाम रोड, अपर रोड और सब्जी मंडी सहित कई स्थानों पर दुकानों व प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इस दौरान मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब “फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स” के जरिए मौके पर ही खाद्य पदार्थों की जांच भी की गई।
जांच में कुल 80 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए, जिनमें मसाले, खाद्य तेल और अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री शामिल रही। इनमें से 12 नमूने मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए, जबकि कई अन्य में भी अनियमितताएं सामने आईं।
कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में संदिग्ध और मिलावटी खाद्य पदार्थ मौके पर ही नष्ट कराए गए। इनमें लगभग 25 किलो धनिया पाउडर, 12 किलो लाल मिर्च पाउडर, 19 किलो हल्दी पाउडर, 3 किलो साबुत धनिया, 2 टिन सरसों का तेल, 2.5 किलो कचरी, 8.5 किलो सोंठ और करीब 4 किलो गुड़ शामिल है।





अभियान के दौरान कई प्रतिष्ठानों में लाइसेंस और पंजीकरण से संबंधित खामियां भी मिलीं। विभाग ने 27 दुकानदारों को नोटिस जारी कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इसके अलावा पैक्ड ड्रिंकिंग वॉटर के 3 नमूने भी जांच के लिए लिए गए, जो प्राथमिक जांच में मानकों के अनुरूप पाए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा कि चारधाम यात्रा को देखते हुए यह अभियान लगातार जारी रहेगा और मिलावटखोरी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आम लोगों से भी अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध खाद्य सामग्री की सूचना विभाग को दें।












