हरिद्वार से बड़ी खबर, कुंभ 2027 की तैयारियों पर प्रशासन का फोकस लगातार बढ़ रहा है।
हरिद्वार में कुंभ 2027 की तैयारियों पर मेलाधिकारी सोनिका की प्रेस वार्ता, 700 करोड़ के कार्य स्वीकृत
हरिद्वार में कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।
मेलाधिकारी सोनिका ने प्रेस वार्ता कर कुंभ की तैयारियों की अब तक की प्रगति और आने वाले समय में होने वाले कार्यों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि कुंभ मेला 2027 के लिए करीब 700 करोड़ रुपये के कार्य स्वीकृत किए जा चुके हैं। इनमें स्थायी और अस्थायी, दोनों तरह के कार्य शामिल हैं।
फिलहाल भवन निर्माण, पुल, गंगा घाट और सड़कों से जुड़े कई स्थायी कार्य अलग-अलग स्थानों पर जारी हैं। वहीं, मानसून समाप्त होने के बाद अस्थायी कार्यों में भी तेजी लाई जाएगी।
मेलाधिकारी सोनिका के मुताबिक, इस बार कुंभ की तैयारियों में करीब 75 प्रतिशत स्थायी और 25 प्रतिशत अस्थायी कार्यों पर फोकस किया गया है। इसका उद्देश्य ऐसी सुविधाएं विकसित करना है, जिनका इस्तेमाल कुंभ के बाद भी आम लोगों के लिए किया जा सके।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए एक अलग टीम का गठन किया गया है। यह टीम समय-समय पर मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की जांच कर रही है।
मेलाधिकारी ने कहा कि कुंभ से जुड़े सभी कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति के पास कार्यों को लेकर कोई सुझाव या शिकायत है, तो वह प्रशासन के समक्ष दर्ज करा सकता है।











