हरिद्वार में सजेगा उद्योगों का मेला: लघु उद्योग भारती और एमटेक इंडिया करेंगे भव्य प्रदर्शनी का आयोजन
उत्तराखंड के औद्योगिक विकास को नई रफ्तार देने के लिए धर्मनगरी हरिद्वार में एक बड़ा आयोजन होने जा रहा है। लघु उद्योग भारती और एमटेक इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 26 फरवरी से तीन दिवसीय ‘औद्योगिक एवं फार्मा प्रदर्शनी’ के साथ-साथ ‘उत्तराखंड फार्मा समिट 2026’ का आगाज होगा। इस प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य सूक्ष्म और लघु उद्योगों को आधुनिक तकनीक से जोड़ना है।
हरिद्वार प्रेस क्लब में प्रेस वार्ता के दौरान लघु उद्योग भारती के प्रदेश महामंत्री रोहित भाटिया ने बताया की हरिद्वार के

सिडकुल स्थित प्रदर्शनी मैदान में 26 से 28 फरवरी तक उद्योगों का महाकुंभ लगने जा रहा है। इस तीन दिवसीय आयोजन में देशभर की विभिन्न औद्योगिक इकाइयां और फार्मा कंपनियां अपने नवीनतम उत्पादों और मशीनों का प्रदर्शन करेंगी।आयोजकों का कहना है कि अक्सर छोटे उद्योग नई तकनीक और आधुनिक मशीनों की जानकारी के अभाव में पीछे रह जाते हैं। इसी कमी को दूर करने के लिए इस एक्सपो में मशीन निर्माताओं, लैब उपकरण सप्लायर्स और पैकेजिंग विशेषज्ञों को एक ही मंच पर लाया जा रहा है।इस भव्य आयोजन का नेतृत्व लघु उद्योग भारती के प्रदेश महामंत्री रोहित भाटिया और उनकी टीम कर रही है, जिसमें फार्मास्युटिकल्स मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री सुमित अग्रवाल सहित कई गणमान्य सदस्य शामिल हैं। आयोजक समिति ने क्षेत्र के समस्त व्यापारियों और उद्यमियों से इस प्रदर्शनी का लाभ उठाने की अपील की है।निश्चित रूप से, सिडकुल हरिद्वार में होने वाला यह आयोजन उत्तराखंड के लघु उद्योगों के लिए मील का पत्थर साबित होगा, जहाँ तकनीक और व्यापार की नई संभावनाओं का मिलन होगा।













