मनसा देवी पहाड़ियों का PDNA ने किया निरीक्षण
हरिद्वार
लगातार हो रहे भूस्खलन के चलते हजारों की आबादी के लिए खतरा बनी मनसा देवी पहाड़ी को लेकर शासन प्रशासन ने पहल शुरू कर दी है। आज PDNA यानि पोस्ट डिजास्टर नीड्स असेसमेंट की टीम ने यहां पहुंचकर पहाड़ी का निरीक्षण किया।

विश्वप्रसिद्ध तीर्थस्थल हरकी पौड़ी के ठीक ऊपर स्थित मनसा देवी पहाड़ी से हुए भूस्खलन के कारण काफी नुकसान हुआ है। बीते मानसून सीजन में पहाड़ी के नीचे से सुरंगों से गुजरने वाले देहरादून और ऋषिकेश रेलवे ट्रैक पर पहाड़ी से 3 बार मलबा आया जिससे रेल यातायात कई कई घंटों बाधित रहा। भू वैज्ञानिकों ने भी कमजोर हो रही इस पहाड़ी को खतरा बताया था। मनसा देवी पहाड़ी के नीचे हजारों की आबादी रहती है, ऐसे में PDNA टीम ने यहां पहुंचकर पहाड़ी का गहन अध्ययन किया। टीम के साथ केंद्र और राज्य सरकार के आपदा प्रबंधन विभाग के कई अधिकारी भी मौजूद रहे। मनसा देवी पहाड़ी का निरीक्षण करने के बाद टीम इसे मजबूत करने के लिए DPR बनाएगी जिसे जल्द ही धरातल पर उतारा जाएगा। अधिकारियों के अनुसार इसमें आधुनिक तकनीकि का भी प्रयोग किया जाएगा और जल्द ही पहाड़ी के सुदृढ़ीकरण का कार्य शुरू होगा।












