जमालपुर में युवक ने खुद को मारी गोली, पहले युवती से की थी मारपीट
हरिद्वार के जमालपुर क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि घटना से पहले युवक ने एक युवती के साथ मारपीट कर उसका मोबाइल छीन लिया और जान से मारने की धमकी दी थी। सूचना पर पुलिस ने आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर तलाश शुरू की। बाद में इंडियन गैस प्लांट बहादराबाद के पास खाली मैदान में युवक का शव मिला। उसने अपनी ही पिस्टल से कनपटी पर गोली मार ली थी।
एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह के मुताबिक, सुबह करीब 8:30 बजे युवती ने घटना की सूचना दी थी। मौके से एक तमंचा, पांच जिंदा कारतूस और कुछ नकदी भी बरामद हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।












