हरिद्वार में 30 जुलाई से शुरू होने वाले कांवड़ मेले को लेकर पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। पूरे मेला क्षेत्र को 18 सुपर जोन, 40 जोन और 160 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। करीब 10 हजार सुरक्षाकर्मी, जिनमें सीपीएफएफ, एसडीआरएफ, एटीएस, पीएसी और उत्तराखंड पुलिस के जवान शामिल हैं, मेले की सुरक्षा में तैनात रहेंगे।
रोशनाबाद पुलिस लाइन में एडीजी लॉ एंड ऑर्डर वी. मुरुगेशन ने अधिकारियों और जवानों को ब्रीफ करते हुए कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। इस बार 12 फीट झांकी और 10 फीट पैदल कांवड़ की ऊंचाई निर्धारित की गई है, जबकि डीजे की आवाज पर भी नियंत्रण रहेगा। एडीजी ने सभी शिवभक्तों से शांति और अनुशासन के साथ यात्रा करने की अपील की।













