नशेड़ी युवक ने नशे में दे दी हरिद्वार में बम विस्फोट करने की धमकी पुलिस ने किया गिरफ्तार

नशेड़ी युवक ने नशे में दे दी हरिद्वार में बम विस्फोट करने की धमकी, पुलिस ने किया गिरफ्तार

धर्मनगरी हरिद्वार में बम धमाके की धमकी मिलने से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। एक अज्ञात कॉलर ने डायल 112 और पुलिस कंट्रोल रूम पर फोन कर चार दिन के भीतर हरिद्वार को बम से उड़ाने की धमकी दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस और खुफिया एजेंसियां सक्रिय हो गईं तथा संवेदनशील स्थानों की निगरानी बढ़ा दी गई। जानकारी के अनुसार कॉल करने वाला व्यक्ति फोन पर लगातार अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहा था और पुलिस-प्रशासन सहित देश-प्रदेश के उच्च अधिकारियों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां भी कर रहा था। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मोबाइल नंबर के आधार पर जांच शुरू कर दी। जिले के एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में कॉल यमकेश्वर ब्लॉक क्षेत्र के एक नशेड़ी युवक द्वारा किए जाने की जानकारी सामने आई है। उसका आपराधिक और सामाजिक इतिहास खंगाला गया, लेकिन अब तक ऐसे कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं जिनसे वह किसी बड़ी साजिश रच रहा हो धमकी देने वाले युवक के ख़िलाफ़ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।