मां और झुंड से बिछड़े नन्हे गजराज विराट और अभय को मिला नया परिवार, वनकर्मी कर रहे जंगल के जीवन के लिए तैयार

मां और झंुड से बिछुड़े नन्हें गजराज वनकर्मियों की देखरेख में हो रहे बड़े
हाथी बाड़े में विराट और अभय को वनकर्मी सिखा रहे हैं जंगल के तौर तरीके
मां और झुंड से बिछड़कर जंगल में अकेले मिले दो नन्हे गज शिशु राजाजी टाइगर रिजर्व की चीला रेंज स्थित हाथी बाड़े में वनकर्मियों की देखरेख में बड़े हो रहे हैं। करीब दस महीने पहले जंगल में बेहद कमजोर और लावारिस हालत में मिले दोंनों गज शावकों को हाथी बाड़े में लाया गया था। हाथी बाड़े में लाए जाने के बाद वनकर्मियों उन्हें विराट और अभय नाम दिए। दोनो गज शिशु अब स्वस्थ हैं और दिन भर एक दूसरे के साथ खेलते और परिसर में घूमते हैं। वनकर्मी अब दोनों को जंगल के जीवन के लिए तैयार कर रहे हैं। ट्रेनिंग के साथ उनके खानपान और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार विराट देहरादून के लच्छीवाला जंगल में हाथियों के झुंड से बिछड़ गया था और अकेला लावारिस हालत में मिला था। उस समय विराट की आयु करीब 2 से 3 महीने थी। जबकि अभय हरिद्वार वन प्रभाग की श्यामपुर रेंज के खारा क्षेत्र में अकेला और असहाय मिला था। गश्त के दौरान अभय जब मिला था, तब वह मात्र एक दो दिन का ही नवजात था। श्यामपुर के जंगल में मिला अभय इतना कमजोर था कि वह ठीक से चल भी नहीं पा रहा था। वन विभाग की टीम ने दोनों को रेस्क्यू कर अपने संरक्षण में लिया और उन्हें चीला रेंज स्थित हाथी बाड़े में रखा गया।
हाथी बाड़े की इंचार्ज कंचन नौटियाल ने बताया कि दोनों हाथी शिशुओं को जब जंगल से रेस्क्यू कर लाया गया था, तब दोनों की हालत बेहद नाजुक थी। लेकिन चिकित्सकों, महावत और स्टाफ के प्रयास से दोनों पूरी तरह स्वस्थ हो गए हैं। डाइट प्लान के अनुसार दोनों को अभी केवल दूध ही दिया जा रहा है। दोनों एक दिन में 25-25 लीटर दूध पीते हैं। दोनों को जंगल के तौर-तरीके सिखाए जा रहे हैं। धीरे-धीरे दोनों बड़े हाथियों के साथ घुलने मिलने लगे हैं। केयर टेकर की बात सुनते हैं और उनके साथ खेलते भी हैं। दोनों को मूवमेंट कराने के लिए बड़े हाथियों के साथ जंगल भी ले जाया जाता है। उन्हें बड़े हाथियों की तरह सिखाया जा रहा है कि कैसे सूंड से पानी पिया जाता है और सेहतवर्धक हरा चारा खाया जाता है। चीला रेंज के रेंज अधिकारी अंचल सिंह गौतम ने बताया कि एलीफेंट रेस्क्यू सेंटर में बने हाथी बाड़े में इस समय नौ पालतू हाथियों को रखा गया है। जिनमें से दो हाथियों से जंगल सफारी कराई जाती है। सभी हाथियों का समय-समय पर हेल्थ चेकअप किया जाता है। पशु चिकित्सा अधिकारियों की देखरेख में डाइट प्लान के अनुसार चारा दिया जाता है, सभी की देखभाल के लिए महावत रखे गए हैं। पालतू हाथियों को जंगल की सैर कराने और चारा खिलाने के लिए महावत और चारा काटने वाले साथ जाते हैं।