हरिद्वार में मदरसों के छात्रों की संख्या में भारी गिरावट, जांच के बाद 12 हजार नामांकन कम
हरिद्वार। जिले में अवैध रूप से संचालित मदरसों की जांच के बाद छात्रों की संख्या में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। शिक्षा विभाग के आंकड़ों के अनुसार विभिन्न मदरसों में पढ़ने वाले करीब 12 हजार छात्र कम हो गए हैं, जिससे प्रशासन और शिक्षा विभाग दोनों की नजर इस मामले पर बनी हुई है।
हाल ही में जिलाधिकारी के निर्देश पर शिक्षा विभाग ने लक्सर तहसील क्षेत्र में कई मदरसों की जांच की थी। जांच के दौरान 23 मदरसों में अनियमितताएं पाई गईं, जिसके बाद उनके मिड-डे मील समेत अन्य सरकारी फंड पर रोक लगा दी गई। वहीं, 10 मदरसा संचालकों ने अपने संस्थान बंद करने के लिए शिक्षा विभाग को आवेदन भी सौंपा था।
अधिकारियों को आशंका है कि छात्रों की संख्या में आई यह अचानक गिरावट उन्हीं मदरसों से जुड़ी हो सकती है, जिन पर कार्रवाई की गई है या जो बंद हो चुके हैं।
हालांकि जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) अमित कुमार चंद का कहना है कि शैक्षणिक सत्र बदलने के दौरान हर वर्ष छात्रों की संख्या में कुछ कमी देखी जाती है। उन्होंने बताया कि जुलाई माह तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद नामांकन के आंकड़े सामान्य हो जाते हैं।
शिक्षा विभाग पूरे मामले की निगरानी कर रहा है और आने वाले महीनों में छात्रों की वास्तविक संख्या का आकलन किया जाएगा।









