उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के आदेश पर तीर्थ यात्रियों की सुविधा और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए ऋषिकुल मैदान में बने पंजीकरण केंद्र पर दर्जाधारी राज्य मंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि ने औचक निरीक्षण किया। अपने इस औचक निरीक्षण में दर्जाधारी राज्य मंत्री ने वहां की व्यवस्थाओं का न केवल जायजा लिया बल्कि यात्रियों से भी बात की। उन्होंने वहां पेयजल, सफाई, लाइट पंखे और दूसरी व्यवस्थाओं का हाल जाना।
दरअसल पिछले कुछ दिनों से लगातार शिकायतें मिल रही थी कि पंजीकरण केंद्र पर भारी अव्यवस्था बनी हुई है जिससे यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि ने न केवल अपने निरीक्षण में यात्रियों से बात की बल्कि वहां चल रहे पंजीकरण प्रक्रिया को भी बारीकी से जाना। इस अवसर पर जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल ने उन्हें वहां की गई व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। ओमप्रकाश जमदग्नि ने कहा कि यहां मिल रही शिकायतों को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश के बाद उन्होंने यह औचक निरीक्षण किया जिसमें कुछ खामियां मिली है जिसके लिए उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट को अगले दो दिनों में जांच रिपोर्ट देने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि पंजीकरण को बंद किए जाने की खबरों को लेकर वे गंभीर हैं।







