उद्योग सचिव की अध्यक्षता में हुई अहम बैठक, श्रमिक असंतोष रोकने और श्रम कानूनों के पालन पर जोर

उद्योग सचिव की अध्यक्षता में हुई अहम बैठक, श्रमिक असंतोष रोकने और श्रम कानूनों के पालन पर जोर

प्रदेश में श्रमिक असंतोष की घटनाओं को रोकने तथा उद्योगों में बेहतर कार्य वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को सचिव उद्योग विनय शंकर पांडे की अध्यक्षता में उद्योग विभाग, श्रम विभाग और विभिन्न इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के प्रतिनिधियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक सिडकुल कार्यालय देहरादून में संपन्न हुई।
बैठक में सचिव उद्योग ने श्रमिक असंतोष के मामलों पर विस्तार से चर्चा करते हुए उद्योग प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि वे श्रमिकों के साथ नियमित अंतराल पर संवाद स्थापित करें, ताकि किसी भी प्रकार की असंतोष की स्थिति उत्पन्न न हो।


श्रम आयुक्त उत्तराखंड पी.सी. दुम्का ने बैठक में श्रमिक असंतोष से जुड़े प्रमुख बिंदुओं की जानकारी दी। बैठक में ओवरटाइम भुगतान, न्यूनतम वेतन की स्पष्टता, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा मानकों के बेहतर अनुपालन, शिकायत निवारण समिति के गठन तथा महंगाई भत्ते के एरियर भुगतान जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
सचिव उद्योग ने सभी उद्योगों और संस्थानों को निर्देशित किया कि वे श्रम संहिताओं के अनुरूप शिकायत निवारण समितियों का तत्काल गठन करें, जिससे श्रमिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो सके और संवाद व्यवस्था मजबूत बनी रहे।
बैठक में यह भी बताया गया कि राज्य सरकार द्वारा नॉन-इंजीनियरिंग इकाइयों के लिए परिवर्तनीय महंगाई भत्ता घोषित किया जा चुका है। इसके तहत उद्योगों को निर्देश दिए गए कि वे 10 दिनों के भीतर एरियर की गणना कर श्रमिकों को भुगतान सुनिश्चित करें।


इसके अलावा फैक्ट्रियों में एम्बुलेंस सुविधा उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए गए। जिन संस्थानों में 10 से कम कर्मचारी कार्यरत हैं, वहां आपातकालीन परिस्थितियों में 108 सेवा का उपयोग करने को कहा गया। साथ ही कर्मचारियों को नियमानुसार साप्ताहिक अवकाश देने पर भी जोर दिया गया।
उद्योग प्रतिनिधियों ने बैठक में आश्वस्त किया कि वे श्रम कानूनों का पूर्ण अनुपालन करेंगे तथा शिकायत निवारण समितियों का गठन कर श्रमिकों के साथ नियमित संवाद बनाए रखेंगे। सचिव उद्योग ने सभी उद्योगों से अपने संस्थानों में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने और श्रम कानूनों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने की अपेक्षा जताई।
बैठक में महानिदेशक उद्योग सौरभ गहरवार, श्रम आयुक्त पी.सी. दुम्का, अपर श्रम आयुक्त अनिल पेटवाल, महाप्रबंधक सिडकुल पूरण सिंह राणा सहित विभिन्न इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।