हरिद्वार में चारधाम यात्रा से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, कई दुकानों पर छापे

हरिद्वार में चारधाम यात्रा से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, कई दुकानों पर छापे

आगामी चारधाम यात्रा को ध्यान में रखते हुए जनपद हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा उत्तराखंड और जिला प्रशासन के निर्देश पर लगातार निरीक्षण और कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी के निर्देश पर चिड़ियापुर क्षेत्र में स्थित ढाबों, होटलों और होलसेलरों का निरीक्षण किया गया। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन के नेतृत्व में टीम ने कुल 9 ढाबों और होटलों तथा एक होलसेलर की जांच की।


निरीक्षण के दौरान एक ढाबे में फूड लाइसेंस प्रदर्शित न करने का मामला सामने आया। इस पर मौके पर ही संचालक को नोटिस जारी किया गया और दो दिन के भीतर लाइसेंस बनवाकर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए।
वहीं, कोल्ड ड्रिंक्स को लेकर मिल रही शिकायतों के बीच विभाग ने शाही जीरा कोल्ड ड्रिंक और एक अन्य कोल्ड ड्रिंक के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। जांच में पाया गया कि शाही जीरा ड्रिंक की बोतलों पर एक्सपायरी डेट अंकित नहीं थी और बिक्री इनवॉइस पर फूड लाइसेंस नंबर भी दर्ज नहीं था। इस पर निर्माता कंपनी को नोटिस जारी किया गया है। साथ ही होलसेलर को निर्देश दिए गए हैं कि संबंधित सभी बोतलों की बिक्री रोक दी जाए और कंपनी को बाजार से उत्पाद वापस (रिकॉल) करने के आदेश दिए गए हैं।
इसके अलावा, डाइट कोक बनाने वाली कंपनी को भी नोटिस जारी किया गया है। विभाग ने कंपनी से ‘नो शुगर’ और ‘नो कैलोरी’ के दावों की सत्यता साबित करने के लिए सभी संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा है।
नगर निगम हरिद्वार क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश टम्टा द्वारा चलाए गए सैंपलिंग अभियान के तहत दूध के 2 और मावा का 1 नमूना जांच के लिए भेजा गया। वहीं, रुड़की क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा अधिकारी कपिल देव द्वारा कोर कॉलेज से नारसन बॉर्डर तक होटलों और ढाबों का सघन निरीक्षण किया गया। यहां अरहर दाल, पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर, मेयोनीज और बेसन के नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि चारधाम यात्रा 2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सेहत से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और यह अभियान पूरे जनपद में लगातार जारी रहेगा।