विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियां तेज, मतदान एवं मतगणना कार्मिकों का डाटाबेस होगा तैयार

विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियां तेज, मतदान एवं मतगणना कार्मिकों का डाटाबेस होगा तैयार

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी विभागों एवं शिक्षण संस्थानों को 05 नवंबर तक कार्मिकों का अद्यतन विवरण उपलब्ध कराने के दिए निर्देश

निर्धारित प्रारूप में ई-मेल या हार्ड कॉपी के माध्यम से जमा करना होगा डाटा, लापरवाही पर होगी कार्रवाई,डीएम मयूर दीक्षित

विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के सफल एवं निर्विघ्न संपादन के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। निर्वाचन के दौरान मतदान एवं मतगणना कार्मिकों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद के सभी सरकारी एवं अर्द्धसरकारी विभागों, कार्यालयों तथा शिक्षण संस्थानों में कार्यरत अधिकारियों, कर्मचारियों एवं शिक्षकों का डाटाबेस तैयार किया जा रहा है।

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखण्ड, देहरादून के निर्देशों के अनुपालन में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कार्मिकों का डाटाबेस तैयार किया जा रहा है। इसके लिए जनपद के सभी संबंधित विभागों एवं शिक्षण संस्थानों से कार्मिकों का विवरण मांगा गया है।
जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों एवं कार्यालयाध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि निर्धारित प्रारूप-1 एवं प्रारूप-2 (भाग-2/1, 2/2, 2/3 एवं 2/4) में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं शिक्षकों की शुद्ध, स्पष्ट, त्रुटिरहित और अद्यतन जानकारी 05 नवंबर 2026 तक अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने बताया कि संबंधित विभाग एवं कार्यालय कार्मिकों का विवरण ई-मेल आईडी uahar@nic.in अथवा हार्ड कॉपी के माध्यम से जिला सूचना विज्ञान केंद्र, हरिद्वार में जमा करा सकते हैं।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित समय सीमा तक कार्मिकों का डाटा उपलब्ध नहीं कराने वाले संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। निर्वाचन कार्यों को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सभी विभागों को समयबद्ध एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।