
अखाड़ा परिषद श्रीमहंत रवींद्र पुरी के नेतृत्व में होगी मजबूत
हरिद्वार ब्यूरो
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आज श्री पंचायती निरंजनी अखाड़ा में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज को अखाड़ा परिषद का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर शुभकामनाएं दी और उनका शॉल,माला पहनाकर स्वागत किया। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि श्रीमहंत रवींद्रपुरी महाराज के अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से संत समाज एकजुट और मजबूत होगा। तथा भारतीय संस्कृति के संवर्धन और संरक्षण में काम करेगा। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में श्रीमहंत रवींद्रपुरी महाराज ने मानवता की महान मिसाल पेश करते हुए जिस तरह से जरूरतमंद लोगों को आर्थिक और खाद्यान्न रूप में मदद की वह अनुकरणीय है। जोशी ने कहा कि हरिद्वार में साधु संत बहुत हैं। परंतु जो राष्ट्र के प्रति अपना कर्तव्य श्री महंत रवींद्रपुरी महाराज ने निभाया वह अविस्मरणीय है। गणेश जोशी ने कहा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जिस तरह से पिछले दिनों कुमाऊं और गढ़वाल के क्षेत्र में आई प्राकृतिक आपदा के समय में जिस निष्ठा और लगन से कार्य किया और लोगों की मदद की वह प्रशंसनीय है। उनका कार्यकाल बेहद प्रभावशाली है। और वे समाज के प्रति समर्पित हैं। और 2022 में धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में भाजपा की सरकार बनेगी।