दीपावली पर उल्लुओं के शिकार की आशंका, वन विभाग अलर्ट
हरिद्वार की सातों वन रेंजों में विशेष गश्ती टीमें गठित, डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध ने दिए निगरानी बढ़ाने के निर्देश
दीपावली के पर्व को देखते हुए हरिद्वार वन विभाग ने जंगलों की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। दीपावली के दौरान अंधविश्वास और तांत्रिक गतिविधियों के चलते उल्लुओं के शिकार की आशंका को देखते हुए वन विभाग अलर्ट मोड पर है।
हरिद्वार के डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध ने जिले की सभी सात वन रेंजों में विशेष टीमों का गठन कर जंगलों में लगातार गश्त करने के निर्देश दिए हैं। वन विभाग को आशंका है कि दीपावली के दौरान शिकारी उल्लुओं का शिकार करने के लिए जंगलों का रुख कर सकते हैं। इसके अलावा अन्य वन्यजीवों के शिकार की घटनाओं को रोकने के लिए भी विशेष निगरानी रखी जा रही है।
वन विभाग की टीमें संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त करेंगी और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करेंगी।














