जेसीबी से ओमप्रकाश जमदग्नि ने बरसाए फूल, लक्सर में शोभायात्रा का भव्य स्वागत

जेसीबी से ओमप्रकाश जमदग्नि ने बरसाए फूल, लक्सर में शोभायात्रा का भव्य स्वागत

लक्सर, हरिद्वार। महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर लक्सर में वैश्य समाज की ओर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। जगह-जगह यात्रा का जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान दर्जाधारी राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि ने जेसीबी के जरिए शोभायात्रा पर पुष्पवर्षा कर लोगों का अभिनंदन किया। जेसीबी से फूल बरसाने का यह अंदाज आकर्षण का केंद्र बना रहा।

महाराजा अग्रसेन के जयकारों के बीच निकली इस शोभायात्रा में समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरे क्षेत्र में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। यात्रा के स्वागत के लिए विभिन्न स्थानों पर विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं।

इस मौके पर ओमप्रकाश जमदग्नि ने कहा कि सामाजिक आयोजनों में शामिल होकर सर्वसमाज का स्वागत और अभिनंदन करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को एकजुट करने के साथ-साथ आपसी भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करते हैं।

वहीं, राजनीतिक गलियारों में भी ओमप्रकाश जमदग्नि के बयान ने चर्चा तेज कर दी है। उन्होंने लक्सर विधानसभा सीट से आगामी चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की। जमदग्नि ने कहा कि यदि भारतीय जनता पार्टी उन्हें मौका देती है, तो वह लक्सर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे और जीत हासिल कर सीट भाजपा की झोली में डालने का प्रयास करेंगे।

फिलहाल, महाराजा अग्रसेन जयंती पर निकली इस भव्य शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब और जेसीबी से हुई पुष्पवर्षा लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रही।