हरिद्वार में गायत्री परिवार जन्मशताब्दी समारोह: 40 देशों से जुटेंगे करीब 24 हजार परिजन

हरिद्वार में गायत्री परिवार जन्मशताब्दी समारोह: 40 देशों से जुटेंगे करीब 24 हजार परिजन

हरिद्वार | 20 नवंबर 2026

राजतंत्र और धर्मतंत्र के जागरण से ही श्रेष्ठ समाज का निर्माण संभव है। राजतंत्र जहां समाज को व्यवस्था और दिशा देता है, वहीं धर्मतंत्र समाज में नैतिकता, संवेदना, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना का संचार करता है। यह बात जन्मशताब्दी समारोह के दलनायक एवं देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने शुक्रवार को विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता में कही।

परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा की जन्मशताब्दी एवं अखंड दीप शताब्दी समारोह के तहत हरिद्वार में 21 और 22 नवंबर को होने वाले दो दिवसीय आयोजन को लेकर जानकारी देते हुए डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने कहा कि मनुष्य में देवत्व का उदय और धरती पर स्वर्ग का अवतरण ही इस समारोह का मूल उद्देश्य है।

उन्होंने बताया कि जन्मशताब्दी समारोह की पांच दिवसीय कार्यक्रम श्रृंखला के तहत तीन दिवसीय आयोजन नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में संपन्न हो चुका है। दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य शासन, नीति निर्माण और सामाजिक नेतृत्व से जुड़े राजतंत्र को जागृत करना था, जबकि हरिद्वार में होने वाला दो दिवसीय आयोजन धर्मतंत्र के जागरण को समर्पित रहेगा।

डॉ. पण्ड्या के अनुसार देव संस्कृति विश्वविद्यालय में आयोजित समारोह में भारत सहित करीब 40 देशों के 24 हजार से अधिक परिजनों के शामिल होने की संभावना है। देशभर में गायत्री परिवार के 5,590 से अधिक केंद्रों के सक्रिय कार्यकर्ता भी आयोजन में सहभागिता करेंगे।

उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता, नशामुक्त भारत, संस्कारयुक्त समाज और युवा शक्ति के जागरण को गति देना समारोह के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है। विशेष रूप से हरिद्वार के युवाओं को नशामुक्ति अभियान से जोड़ने के लिए भी पहल की जाएगी।

दो दिवसीय समारोह में ध्वजारोहण, शोभायात्रा, संत समागम और विभिन्न सामाजिक विषयों पर विचार-विमर्श के सत्र आयोजित होंगे। संत समागम में योगगुरु स्वामी रामदेव, स्वामी राजराजेश्वराश्रम, स्वामी चिदानंद मुनि सहित अनेक प्रमुख संत शामिल होंगे।

समारोह के विभिन्न सत्रों में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और सांसद बांसुरी स्वराज सहित कई गणमान्य अतिथियों के पहुंचने की संभावना है। समारोह में माता भगवती देवी शर्मा के सम्मान में विशेष डाक टिकट के विमोचन का प्रस्ताव भी रखा गया है।

देश-विदेश से परिजनों के हरिद्वार पहुंचने के साथ शहर का उत्तरी क्षेत्र श्रद्धा, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना से सराबोर नजर आ रहा है।

समाधि स्थल पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष पूजन, प्रदर्शनी का उद्घाटन

जन्मशताब्दी समारोह के द्वितीय चरण के दूसरे पुष्प के अंतर्गत शुक्रवार को गायत्री परिवार के संस्थापकद्वय की पावन समाधि के प्रतीक ‘प्रखर प्रज्ञा-सजल श्रद्धा’ का विशेष पूजन वैदिक मंत्रोच्चार और श्रद्धा के वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर साहित्य स्टॉल एवं भव्य प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ श्रद्धेया शैलदीदी सहित गायत्री परिवार के वरिष्ठजनों द्वारा विधिपूर्वक पूजन-अर्चन से हुआ। इसके बाद सैकड़ों पीतवस्त्रधारी भाई-बहनों ने एक स्वर में वैदिक मंत्रों का सस्वर पाठ किया। सामूहिक मंत्रोच्चार से पूरा परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से गुंजायमान हो उठा।

इस अवसर पर अखिल विश्व गायत्री परिवार की प्रमुख श्रद्धेया शैलदीदी ने संदेश के माध्यम से उपस्थित परिजनों का मार्गदर्शन किया। पूजन, वैदिक मंत्रोच्चार और सामूहिक साधना के साथ समारोह के आगामी कार्यक्रमों के लिए उत्साहपूर्ण वातावरण बना।

जन्मशताब्दी समारोह में सहभागिता के लिए देश के विभिन्न राज्यों के साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में साधक हरिद्वार पहुंचे हैं। अनुशासित पंक्तियों में पीतवस्त्रधारी परिजनों की उपस्थिति ने सामूहिक साधना, संगठन और समर्पण की भावना को दर्शाया।

इस अवसर पर जन्मशताब्दी समारोह के दलनायक डॉ. चिन्मय पण्ड्या, महिला मंडल प्रमुख श्रीमती शैफाली पण्ड्या सहित गायत्री परिवार के वरिष्ठ कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में परिजन मौजूद रहे।

समारोह के पूर्व दिवस पर पूरा परिसर श्रद्धा, अनुशासन और सामूहिक चेतना के रंग में रंगा नजर आया। जन्मशताब्दी वर्ष के संकल्पों को आगे बढ़ाने के साथ परिजनों में सेवा, साधना और युग निर्माण के प्रति नया उत्साह दिखाई दिया।