हरिद्वार : हरिद्वार में पिछले 45 वर्षों से श्रद्धालुओं, साधु-संतों और जरूरतमंद यात्रियों की सेवा कर रही राजा राम मोगे वाले धर्मशाला अब आधुनिक सुविधाओं से लैस होने जा रही है। श्रद्धालुओं को बेहतर आवास, भोजन और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ट्रस्ट ने कई नई विकास योजनाओं पर काम शुरू कर दिया है।
ट्रस्ट की बैठक में ट्रस्ट के विस्तार और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता ट्रस्ट के प्रधान गिरीश कुमार ने की। इस दौरान उपाध्यक्ष दिनेश कुमार गुप्ता, सचिव संदीप गुप्ता और कोषाध्यक्ष संजय अग्रवाल सहित अन्य ट्रस्टी मौजूद रहे।
ट्रस्ट पदाधिकारियों ने बताया कि हरिद्वार-ऋषिकेश मार्ग पर खड़खड़ी स्थित धर्मशाला, पुलिस चौकी खड़खड़ी से लगभग 50 गज की दूरी पर सूखी नदी के समीप स्थित है। वर्तमान में ट्रस्ट के 13 सदस्य सेवा कार्यों को आगे बढ़ा रहे हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए धर्मशाला के कमरों में अब कूलर और एयर कंडीशनर (ए.सी.) लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा पुराने रूई के गद्दों की जगह फोम के गद्दे, नई चादरें, पर्दे और कंबलों की व्यवस्था भी की जा रही है, ताकि यात्रियों को अधिक आरामदायक ठहराव मिल सके।
बैठक में भविष्य की योजनाओं पर भी सहमति बनी। ट्रस्ट परिसर में एक डिस्पेंसरी खोलने तथा गरीब एवं जरूरतमंद महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सिलाई मशीन प्रशिक्षण केंद्र शुरू करने का निर्णय लिया गया। ट्रस्ट सदस्यों ने कहा कि आने वाले समय में धर्मशाला को सेवा, सुविधा और सामाजिक कार्यों का एक प्रमुख केंद्र बनाया जाएगा।
बैठक में ट्रस्टी सुभाष चंद्र, रोशन लाल गोयल, नरेश कुमार, अरुण कुमार, वेद व्यास बंसल, राजीव कुमार, रमेश कुमार, संदीप सिंघला और आशु गोयल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।











