सुमननगर में जलभराव से निपटने को प्रशासन युद्धस्तर पर जुटा, 65 लाख लीटर से अधिक पानी की निकासी
भारी बारिश के बाद सुमननगर बहादराबाद में जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर प्रशासन की संयुक्त टीमें लगातार मौके पर तैनात रहकर जल निकासी और राहत कार्य में जुटी हुई हैं।
जिला आपदा प्रबंधन, तहसील प्रशासन, सिंचाई विभाग, पंचायत विभाग, आरकेओ समेत संबंधित विभागों की टीमें प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी कर रही हैं। शिकायतें मिलते ही अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया और जलभराव वाले क्षेत्रों से तेजी से पानी निकालने के निर्देश दिए।
जल निकासी के लिए सक्शन मशीन, पंप सेट और जेसीबी मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। सुमननगर की गली संख्या 03 और 04 में विशेष अभियान चलाकर पंप सेट लगाए गए हैं। अब तक पंप सेटों से करीब 35 लाख लीटर, शिविर के माध्यम से 15 लाख लीटर तथा नमामि गंगे की रुड़की शिविर टीम द्वारा करीब 15 लाख लीटर पानी की निकासी की जा चुकी है।
प्रशासन के अनुसार प्रभावित क्षेत्र में जल निकासी का कार्य अभी भी लगातार जारी है और वर्तमान स्थिति नियंत्रण में है। जेसीबी के माध्यम से नालियों की सफाई और खुदाई कर पानी की निकासी का मार्ग भी सुचारु किया जा रहा है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जलभराव पूरी तरह समाप्त होने तक राहत एवं जल निकासी अभियान में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए। प्रशासन की टीमें स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और समस्या के पूर्ण समाधान तक अभियान जारी रहेगा।













