चारधाम यात्रा से पहले सड़क निर्माण कार्यों में तेजी, दिन-रात चल रहा मरम्मत अभियान

हरिद्वार, 14 जून 2026। चारधाम यात्रा के दौरान स्थानीय लोगों, व्यापारियों और तीर्थयात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के लिए हरिद्वार में सीवरेज कार्यों के कारण खोदी गई सड़कों की मरम्मत और पुनर्निर्माण का कार्य तेज गति से किया जा रहा है।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिए हैं कि सीवरेज कार्यों के चलते क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत दिन-रात कार्य कर जल्द से जल्द पूरी की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि चारधाम यात्रा के दौरान किसी भी मार्ग पर आवागमन प्रभावित नहीं होना चाहिए।

जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में केएफडब्ल्यू वित्त पोषित हरिद्वार जलोत्सारण योजना के तहत पैकेज-01 और पैकेज-02 में सड़क पुनर्निर्माण कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।

परियोजना प्रबंधक, निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई गंगा, उत्तराखंड पेयजल निगम मिनाक्षी मित्तल ने बताया कि 13 जून को विभिन्न क्षेत्रों में सड़क निर्माण कार्य पूरे किए गए। पैकेज-01 के अंतर्गत भूपतवाला पुलिया के निकट सीसी रोड निर्माण का 6.6 मीटर कार्य पूरा किया गया।

वहीं पैकेज-02 के अंतर्गत गणपति धाम फेस-3 में 85 मीटर, गणपति धाम फेस-2 में 38 मीटर, राज विहार फेस-1 में 23 मीटर, मोहन एन्क्लेव में 37 मीटर तथा शिवानीपुरम में 20 मीटर सड़क निर्माण कार्य पूर्ण किया गया।

एक दिन में कुल 219.6 मीटर सड़क पुनर्निर्माण कार्य पूरा किया गया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार सभी निर्माण कार्य दिन-रात जारी हैं और शेष कार्य भी शीघ्र पूर्ण कर लिए जाएंगे।

प्रशासन का कहना है कि इन कार्यों के पूरा होने से स्थानीय जनता, व्यापारियों और चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।


: