हरिद्वार में रानीपुर मोड़ पर स्थित नामी प्रतिष्ठान पर जीएसटी विभाग की छापेमारी, करीब 30 लाख की आईटीसी में मिली विसंगतियां, महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड जब्त, नोटिस जारी कर मांगा जवाब

राज्य कर विभाग की विशेष अनुसंधान शाखा देहरादून की टीम ने बुधवार को हरिद्वार के रानीपुर मोड़ स्थित नामी मिठाई प्रतिष्ठान पर छापेमारी की। जांच के दौरान मौजूदा स्टॉक और इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) के आंकड़ों में करीब 30 लाख रुपये की विसंगतियां सामने आईं। टीम ने जीएसटी से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड जब्त किए हैं। विभाग की ओर से प्रतिष्ठान को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।

आयुक्त राज्य कर प्रतीक जैन के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था। इसमें विशेष अनुसंधान शाखा, सचल दल और ऑडिट इकाई के अधिकारी शामिल रहे। जांच के दौरान बिलों में गड़बड़ी और आईटीसी के आंकड़ों में अंतर पाया गया।
उपायुक्त जीएसटी देहरादून सुरेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक आकलन में करीब 30 लाख रुपये की विसंगतियां सामने आई हैं। फिलहाल आईटीसी का आकलन जारी है और विस्तृत जांच के बाद इसमें बदलाव संभव है। उन्होंने बताया कि यदि जांच में आईटीसी का गलत इस्तेमाल पाया जाता है, तो नियमानुसार संबंधित राशि वापस जमा कराई जाएगी।
छापेमारी के दौरान सहायक आयुक्त चंचल कुमार, एसटीओ असद अहमद सहित विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। विभाग की जांच पूरी होने के बाद ही मामले में देय कर और अन्य कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।











