महिला श्रद्धालुओं को स्पर्श कर आशीर्वाद देने पर रोक,मनसा देवी मंदिर में नए नियम लागू

मनसा देवी मंदिर में नए नियम लागू, महिला श्रद्धालुओं को स्पर्श कर आशीर्वाद देने पर रोक

मनसा देवी मंदिर प्रशासन सख्त, नियम तोड़ने वाले पुजारी होंगे बाहर

हरिद्वार के प्रसिद्ध सिद्धपीठ मनसा देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और धार्मिक मर्यादा बनाए रखने के लिए मंदिर प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। मंदिर ट्रस्ट के प्रमुख और अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने पुजारियों के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

हरिद्वार स्थित मनसा देवी मंदिर में अब कोई भी पुजारी महिला श्रद्धालुओं या अन्य भक्तों को आशीर्वाद देने के बहाने स्पर्श नहीं करेगा। मंदिर प्रशासन ने साफ किया है कि यदि किसी पुजारी के खिलाफ ऐसी शिकायत मिलती है तो उसे तत्काल मंदिर सेवा से हटा दिया जाएगा।

मंदिर ट्रस्ट के प्रमुख श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि मंदिर की गरिमा और श्रद्धालुओं की आस्था सर्वोपरि है। किसी भी प्रकार का अनुचित व्यवहार या गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

आगामी सोमवती अमावस्या और कांवड़ मेले को देखते हुए मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। पिछले वर्ष हुई भगदड़ की घटना से सबक लेते हुए इस बार भीड़ प्रबंधन, आपातकालीन निकास मार्ग और श्रद्धालुओं की आवाजाही पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने भी मंदिर परिसर और पैदल मार्ग का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रशासन ने मंदिर क्षेत्र में अतिक्रमण और अनधिकृत दुकानों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

इसके अलावा मंदिर में चढ़ाए जाने वाले नारियलों को रिसाइकिल करने की नई पहल भी शुरू की जा रही है। वहीं कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं के लिए लंगर, प्रसाद वितरण, पेयजल और अन्य सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था की जाएगी।

मंदिर प्रशासन का कहना है कि इस बार कांवड़ मेले और अन्य धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और धार्मिक मर्यादाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।

#MansaDeviTemple #Haridwar #HaridwarNews #KanwarMela2026 #SomvatiAmavasya #RavindraPuriMaharaj #TempleRules #BreakingNews #UttarakhandNews #MansaDevi #KanwarYatra #SatopathExpress #HinduTemple #PilgrimSafety #ReligiousNews