हरकी पैड़ी पर ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम से सेवा संकल्प अभियान का प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने किया शुभारंभ
तीर्थनगरी हरिद्वार के ब्रह्मकुंड हरकी पैड़ी पर गुरुवार को भव्य ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। उत्तराखंड सरकार के प्रभारी मंत्री एवं पर्यटन, धर्मस्व, संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने मां गंगा की विधिवत पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान हरकी पैड़ी, मालवीय घाट, नमामि गंगे घाट सहित विभिन्न गंगा घाटों पर हजारों दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों के साथ देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दीप प्रज्ज्वलन के दौरान मां गंगा से राष्ट्र की सुख-समृद्धि, जनकल्याण और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु की कामना की गई।
सतपाल महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से आमजन की सेवा के उद्देश्य से ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू किया गया है। यह अभियान 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक चलेगा। इसके तहत जनसेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य, जनकल्याण और सामाजिक सहभागिता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में अभियान के तहत जनपद के विकासखंडों और ग्राम पंचायतों में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। विद्यालयों और महाविद्यालयों में ‘मेरा सपनों का भारत’ विषय पर निबंध, चित्रकला, भाषण और पोस्टर प्रतियोगिताएं होंगी। साथ ही विकसित भारत-2047 और केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं पर आधारित चित्र प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी।
अभियान के दौरान नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम, आंगन मिलन सेवा, ‘सेवा की कहानी’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ और ‘सेवा मेरा योगदान’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नागरिकों को स्वच्छता, वृक्षारोपण, शिक्षण, रक्तदान सहित विभिन्न समाजोपयोगी गतिविधियों में भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा।







कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री अमृता रावत, अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष मुकेश कुमार, भाजपा राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट सतीश लखेड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, मेयर किरण जैसल, कार्यक्रम संयोजक एवं राज्य मंत्री सुनील सैनी, राज्यमंत्री नितिन गौतम, पूर्व मेयर मनोज गर्ग सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और श्रद्धालु मौजूद रहे।












