हरिद्वार। लायन्स क्लब हरिद्वार मंदाकिनी की ओर से जहान्वी डेल होटल में 19वां चार्टर नाइट एवं शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों के समाज और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान को सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए शिवम अग्रवाल ने कहा कि शिक्षकों के ज्ञान और समाज के प्रति उनके समर्पण की भावना का हम सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज को दिशा देने के साथ-साथ नई पीढ़ी के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर हरिद्वार के शिक्षक सुभाष कपिल और शिवानी गोयल को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन करते हुए महेंद्र अरोड़ा ने कहा कि सुभाष कपिल ने अपनी सेवा अवधि के दौरान बच्चों को बेहतर शिक्षा देने का कार्य किया। सेवानिवृत्ति के बाद भी वह पत्रकारिता, समाजसेवा और जरूरतमंदों के मार्गदर्शन के माध्यम से समाज के लिए योगदान दे रहे हैं।
उन्होंने बताया कि शिवानी गोयल निराश्रित बच्चों की शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही हैं और जरूरतमंद बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लायन्स क्लब के सचिव सर्वेश्वर मूर्ति भट्ट ने दोनों शिक्षकों की प्रशंसा करते हुए उनके सामाजिक एवं शैक्षिक योगदान की सराहना की। हरदीप सिंह ने कहा कि लायन्स क्लब मंदाकिनी स्थापना के समय से ही सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए जरूरतमंदों की सहायता और समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
सम्मानित शिक्षक सुभाष कपिल और शिवानी गोयल ने लायन्स क्लब का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सम्मान मिलने से उन्हें सामाजिक कार्यों को और अधिक उत्साह के साथ आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिलेगी।
इस अवसर पर लायन्स क्लब के चेयरमैन सौरभ अरोड़ा, अध्यक्ष विकास चौहान, कोषाध्यक्ष श्याम कोचर और पूर्व अध्यक्ष नवीन चौहान ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में सर्वजीत सिंह, देवेंद्र सिंह, मुकेश शर्मा, राकेश पाहवा, एसएस बेदी, गुरविंदर सिंह, महेंद्र मोगा, देवेंद्र मलिक, दलजीत सिंह, विशाल गुप्ता, ललित ग्रोवर, कार्तिक भट्ट, राहुल कपिल सहित क्लब के सदस्यों के परिजन भी उपस्थित रहे।












