हरिद्वार में बारिश होने का सिलसिला जारी

उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र की भविष्यवाणी सटीक साबित हुई है। हरिद्वार में देर रात से तेज बारिश होने का सिलसिला जारी है। बारिश के चलते हरिद्वार के कई जगहों पर जलभराव की स्थिति बन गई। सबसे भयंकर जलभराव हरिद्वार के भगत सिंह चौंक पर देखने को मिला। यहां तेज बारिश के चलते रेलवे ब्रिज के नीचे पानी भर गया, जिसके चलते लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। कई वाहन पानी में फंस गए और बंद हो गए। सिडकुल कर्मचारियों की एक बस पानी में बंद हो गई। इसके साथ ही राहगीरो को भी दिक्कत उठानी पड़ी। हरिद्वार में भगत सिंह चौक पर जलभराव की यह समस्या वर्षों पुरानी है, जिसका आज तक समाधान नहीं हो पाया है। वहीं अभी भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है और तेज बारिश होने का सिलसिला जारी है।