आस्था के साथ आक्रामक राजनीति,भाटी के निशाने पर भाजपा
रुड़की
रुड़की में आज समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी का कलियर दौरा सियासी रंग में नजर आया। दरगाह में हाजिरी के साथ-साथ भाटी ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा और उत्तराखंड में संगठन मजबूत करने का बड़ा ऐलान किया। रुड़की के पवित्र स्थल पिरान कलियर दरगाह में आज आस्था और सियासत दोनों का संगम देखने को मिला। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने कार्यकर्ताओं के साथ दरगाह में चादर और फूल पेश कर देश में अमन-चैन की दुआ मांगी।सज्जादानशीन परिवार के शाह यावर मियां ने भी देश में खुशहाली और भाईचारे की दुआ कराई। दरगाह पहुंचते ही सपा कार्यकर्ताओं ने भाटी का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। माहौल पूरी तरह राजनीतिक जोश से भरा नजर आया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह दरगाह पूरे देश की आस्था का केंद्र है। यहाँ आकर मुझे सुकून मिला काफी समय से यहां आने की इच्छा थी।लेकिन आस्था के इस मंच से भाटी ने सियासी वार करने में भी कोई कसर नहीं छोड़ी। भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विकास कार्य ठप हो चुके हैं और सरकार सिर्फ विभाजनकारी राजनीति में जुटी है। महिला आरक्षण बिल को लेकर भी उन्होंने भाजपा पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि 2023 में बिल पास होने के बावजूद इसे लागू नहीं किया गया और इसे सिर्फ राजनीतिक मुद्दा बनाया जा रहा है। आगामी चुनावों को लेकर भाटी ने बड़ा संकेत देते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी उत्तराखंड में संगठन को तेजी से मजबूत करेगी और पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी।













