हरिद्वार में गूँजा ‘जय परशुराम’ का उद्घोष: भव्य शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब
धर्मनगरी हरिद्वार में भी श्री अखंड परशुराम अखाड़ा द्वारा भगवान परशुराम जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में एक अत्यंत भव्य और विशाल शोभायात्रा का आयोजन किया गया। अखाड़े के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक के नेतृत्व में निकली इस यात्रा ने पूरी धर्मनगरी को भगवामय कर दिया।
इस शोभायात्रा में देशभर के तमाम दिग्गज हिंदूवादी नेताओं और गणमान्य व्यक्तियों ने शिरकत की। यात्रा में मुख्य रूप से निम्नलिखित लोग पंडित अधीर कौशिक अध्यक्ष, श्री अखंड परशुराम अखाड़ा, यति नरसिंहानंद गिरी डासना मंदिर के पीठाधीश्वर,पवन गुप्ता, प्रखर हिंदूवादी नेता, पवन मिश्रा, वरिष्ठ अधिवक्ता एवं समाजसेवी इनके अलावा बड़ी संख्या में साधु-संतों, विप्र समाज के प्रतिनिधियों और विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
यात्रा के दौरान भगवान परशुराम की दिव्य प्रतिमा और विभिन्न देवी-देवताओं की झाँकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजे की थाप पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। जगह-जगह स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों द्वारा पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया।
शोभायात्रा के दौरान अधीर कौशिक ने कहा कि भगवान परशुराम केवल ब्राह्मण समाज के नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता और धर्म के रक्षक हैं। उन्होंने युवाओं से भगवान परशुराम के पदचिन्हों पर चलने और सनातन संस्कृति की रक्षा का संकल्प लेने का आह्वान किया।
शास्त्र और शस्त्र की मर्यादा को बनाए रखना ही हमारा उद्देश्य है। आज की यह एकजुटता सनातन धर्म की मजबूती का प्रतीक है।
भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। शोभायात्रा के मार्ग पर भारी पुलिस बल तैनात रहा, ताकि यातायात और शांति व्यवस्था बनी रहे। यह यात्रा हरिद्वार के मुख्य मार्गों से होते हुए सकुशल संपन्न हुई, जहाँ अंत में सामूहिक आरती और प्रसाद वितरण किया गया।














