बीएचईएल में चोरी की तैयारी कर रहे तीन संदिग्ध गिरफ्तार
पुलिस की मुस्तैदी से टली बड़ी चोरी की वारदात, चोरी के औजार बरामद
ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस की संदिग्ध अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में रानीपुर पुलिस ने बीएचईएल क्षेत्र में चोरी की तैयारी कर रहे तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले हथौड़ी, सरिया का टुकड़ा, छेनी और प्लास बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर की रात रानीपुर पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एचआरडीसी चौक के पास झाड़ियों की आड़ में तीन संदिग्ध व्यक्ति बैठे हैं और उनके पास संदिग्ध औजार हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे के लिए पैसों की जरूरत के चलते बीएचईएल क्षेत्र में किसी बंद दुकान या घर में चोरी करने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 321/26, धारा 313 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

गिरफ्तार आरोपियों में आकाश उर्फ पतूड़ी (26) निवासी रावली महदूद, सिडकुल, सुमित (19) निवासी गोपालगंज बिहार, हाल निवासी सम्राट मार्केट सिडकुल और शिवकुमार उर्फ शिवा (19) निवासी बिजनौर, हाल निवासी सम्राट मार्केट सिडकुल शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक आरोपी आकाश उर्फ पतूड़ी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत सिडकुल और ज्वालापुर थानों में पहले से छह मुकदमे दर्ज हैं।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोहर भण्डारी, उपनिरीक्षक एवं चौकी प्रभारी सुमननगर पुनीत दनौसी, एएसआई सुबोध घिल्डियाल, हेड कांस्टेबल जगदेव, कांस्टेबल विवेक गुसांई, प्रेम सिंह दानू और सर्वजीत सिंह शामिल रहे।












