हरिद्वार। कम बजट में बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ इन दिनों देशभर में दर्शकों की पसंद बनी हुई है। फिल्म ने अब तक करीब 150 करोड़ रुपये का कारोबार करने का दावा किया जा रहा है। फिल्म की सफलता के बाद इसकी निर्माता अनुप्रिया नागर गुरुवार को हरिद्वार पहुंचीं और संत-महात्माओं से आशीर्वाद लिया।
अनुप्रिया नागर ने प्रसिद्ध सिद्धपीठ दक्षिण काली मंदिर पहुंचकर निरंजनी अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर एवं निरंजन पीठाधीश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने महाराज से आशीर्वाद लिया और अपने आगामी प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा भी की।
अनुप्रिया नागर ने कहा कि फिल्म की शुरुआत के समय कई लोगों ने इसे फ्लॉप तक बता दिया था, लेकिन आज फिल्म सफलता के नए मुकाम पर पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि फिल्म की सफलता के पीछे स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज का आशीर्वाद और उनकी प्रेरणा महत्वपूर्ण रही है।
उन्होंने बताया कि Gen Z के बीच भी फिल्म को काफी पसंद किया जा रहा है। स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज से मुलाकात के बाद उन्हें देश के संत-महात्माओं पर फिल्म बनाने की प्रेरणा मिली है। अनुप्रिया के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट पर जल्द ही काम शुरू किया जाएगा।
वहीं, स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज ने कहा कि फिल्म की सफलता के बाद अनुप्रिया नागर मां काली का आशीर्वाद लेने हरिद्वार पहुंचीं। उन्होंने कहा कि ‘हनुमान अंश’ को Gen Z इसलिए भी पसंद कर रही है क्योंकि इसे एक युवा पीढ़ी के फिल्मकार ने बनाया है।
उन्होंने कहा कि फिल्म में न तो कोई बड़ा कलाकार था, न बड़ा निर्माता और न ही कोई बड़ा नाम। फिल्म को बेहद साधारण भाषा और सहज अंदाज में प्रस्तुत किया गया, यही इसकी खासियत है और शायद इसी वजह से युवा दर्शक इससे जुड़ रहे हैं।












