राजाजी टाइगर रिजर्व के गेट खुले, शुरू हुई जंगल सफारी
पांच महीने की वार्षिक बंदी के बाद रविवार को राजाजी टाइगर रिजर्व के गेट जंगल सफारी के लिए खोल दिए गए। इसके साथ ही नए पर्यटन सत्र का आगाज हो गया है। चीला रेंज में जंगल सफारी शुरू होते ही पर्यटकों की आवाजाही भी शुरू हो गई। शिवालिक नगर पालिका के चेयरमैन राजीव शर्मा और वार्डन विजय सैनी ने विधि-विधान के साथ फीता काटकर चीला रेंज के गेट खोले।
जंगल सफारी के शौकीनों को अब एक बार फिर राजाजी के जंगलों में हाथी, हिरण, गुलदार सहित विभिन्न वन्यजीवों और पक्षियों को उनके प्राकृतिक आवास में देखने का मौका मिलेगा। सफारी के पहले ही दिन चीला रेंज के सभी स्लॉट और सफारी वाहन बुक हो गए। वहीं, अमेरिका से आए 29 छात्रों और उनके चार शिक्षकों ने भी जंगल सफारी का आनंद लिया।
इस मौके पर वार्डन विजय सैनी ने बताया कि चीला रेंज जंगल सफारी के लिए पर्यटकों की पहली पसंद है। यहां 15 नवंबर से 15 जून तक जंगल सफारी संचालित की जाएगी। सफारी के दौरान पर्यटकों को विभिन्न प्रजातियों के वन्यजीव देखने को मिलते हैं। उन्होंने कहा कि वन और वन्यजीवों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पर्यटकों को जंगल सफारी कराना विभाग का प्रयास है। राजस्व प्राप्ति के मामले में भी चीला रेंज सबसे आगे है और यहां हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं।












