2027 यूपी चुनाव में उतरेगा किसान क्रांति दल, भाकियू भानु का बड़ा ऐलान

2027 यूपी चुनाव में उतरेगा किसान क्रांति दल, भाकियू भानु का बड़ा ऐलान

हरिद्वार में आयोजित भारतीय किसान यूनियन भानु के तीन दिवसीय किसान चिंतन शिविर से एक बड़ा राजनीतिक ऐलान सामने आया है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर भानु प्रताप सिंह ने घोषणा की है कि किसान क्रांति दल वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से अपनी चुनावी पारी की शुरुआत करेगा। संगठन ने दावा किया है कि उसे निर्वाचन आयोग से मान्यता भी प्राप्त हो चुकी है।

धर्मनगरी हरिद्वार के लालजीवाला में आयोजित तीन दिवसीय किसान चिंतन शिविर के दौरान भारतीय किसान यूनियन भानु के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर भानु प्रताप सिंह ने बड़ा राजनीतिक ऐलान किया। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर वर्षों तक आंदोलन और संघर्ष करने के बावजूद सरकारों ने उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लिया। ऐसे में अब संगठन ने राजनीति में उतरकर किसानों की आवाज विधानसभा और संसद तक पहुंचाने का निर्णय लिया है।

ठाकुर भानु प्रताप सिंह ने बताया कि किसान क्रांति दल को निर्वाचन आयोग से मान्यता मिल चुकी है और छात्र, ओबीसी, एससी, महिला तथा युवा मोर्चों का गठन भी किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि पार्टी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से शुरुआत करेगी और इसके बाद 2029 के लोकसभा चुनाव, निकाय तथा पंचायत चुनावों में भी भाग लेगी।

उन्होंने मौजूदा व्यवस्था पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकतंत्र अब राजतंत्र में बदलता जा रहा है और किसानों को अपनी बात रखने के लिए भी संघर्ष करना पड़ता है। उनका कहना था कि अब किसानों, मजदूरों, सैनिकों, पुलिसकर्मियों और पत्रकारों के मुद्दों को राजनीतिक मंच से उठाया जाएगा।

भानु प्रताप सिंह ने वादा किया कि यदि उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो किसानों के कर्ज माफ करने, कृषि को लाभकारी बनाने, फसलों का उचित मूल्य सुनिश्चित करने और ग्रामीण विकास को गति देने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अजब सिंह कसाना, राष्ट्रीय महासचिव नितिन चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष जनक चौधरी सहित बड़ी संख्या में किसान नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

किसान आंदोलन की राजनीति में एंट्री का यह ऐलान आने वाले चुनावों में कितना असर दिखाता है, यह भविष्य के गर्भ में है। लेकिन किसान क्रांति दल के इस फैसले ने उत्तर प्रदेश की राजनीतिक सरगर्मियां जरूर बढ़ा दी हैं।

#BKUBhanu #KisanKrantiDal #BhanuPratapSingh #UPElection2027 #FarmersPolitics #HaridwarNews #KisanAndolan #UttarPradeshPolitics #BreakingNews #SatopathExpress #FarmerLeader #ElectionNews #KisanChintanShivir #PoliticalNews #UttarakhandNews