स्पेशल डाइट बनी मुसीबत: चिकन और पनीर खाने के बाद 150 से अधिक छात्र बीमार, 5 की हालत गंभीर

पंतनगर विश्वविद्यालय के पटेल भवन में फूड पॉइजनिंग का मामला, जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित

ऊधम सिंह नगर के पंतनगर विश्वविद्यालय में बुधवार रात मेस का खाना खाने के बाद बड़ी संख्या में छात्र फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए। पटेल भवन छात्रावास में रहने वाले करीब 150 छात्रों की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें विश्वविद्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद अधिकांश छात्रों को वापस छात्रावास भेज दिया गया, जबकि पांच छात्रों की हालत गंभीर होने पर उन्हें अस्पताल में निगरानी में रखा गया है। मामले की जांच के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने तीन सदस्यीय समिति का गठन किया है।

जनपद ऊधम सिंह नगर स्थित पंतनगर विश्वविद्यालय के पटेल भवन छात्रावास में इंजीनियरिंग द्वितीय वर्ष के लगभग 185 छात्र रहते हैं। बुधवार रात मेस में विशेष भोजन की व्यवस्था की गई थी। वेज छात्रों को पनीर और नॉनवेज छात्रों को बटर चिकन, नान, चावल तथा रसमलाई परोसी गई थी।

बताया जा रहा है कि भोजन करने के करीब एक से डेढ़ घंटे बाद बड़ी संख्या में छात्रों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने लगी। छात्रों की हालत बिगड़ने पर छात्रावास प्रबंधन, वार्डन और डीन स्टूडेंट वेलफेयर (डीएसडब्ल्यू) को सूचना दी गई।

स्थिति गंभीर होते देख विश्वविद्यालय की तीनों एंबुलेंस और एक बस की सहायता से छात्रों को विश्वविद्यालय चिकित्सालय पहुंचाया गया। अस्पताल में एक साथ बड़ी संख्या में छात्रों के पहुंचने से स्वास्थ्य कर्मियों को भी अतिरिक्त व्यवस्था करनी पड़ी।

बीमार छात्रों का आरोप है कि मेस संचालक लंबे समय से खाने की गुणवत्ता में लापरवाही बरत रहा है। छात्रों के अनुसार इससे पहले भी दो बार खाने में कीड़े निकल चुके हैं। शिकायतों के बावजूद मेस संचालक को नहीं बदला गया और केवल आर्थिक जुर्माना लगाया गया था। बताया जा रहा है कि उसी जुर्माने के बाद छात्रों के लिए विशेष डाइट का आयोजन किया गया था।

घटना की सूचना मिलने पर विश्वविद्यालय की कुलसचिव समेत अन्य अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और छात्रों का हालचाल जाना। विश्वविद्यालय प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित कर दी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी

#PantnagarUniversity #FoodPoisoning #UdhamSinghNagar #Pantnagar #StudentHealth #BreakingNews #UttarakhandNews #SatopathExpress