निर्जला एकादशी स्नान: हरिद्वार में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
**हरिद्वार।** निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाने के लिए हर की पौड़ी पहुंच रहे हैं।
मान्यता है कि निर्जला एकादशी के दिन पवित्र नदियों में स्नान, दान और पूजा-पाठ करने से विशेष पुण्य फल की प्राप्ति होती है। इसी कारण हरिद्वार के ब्रह्मकुंड सहित हर की पौड़ी घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। श्रद्धालु गंगा स्नान कर भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना कर रहे हैं तथा सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना कर रहे हैं।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात के विशेष इंतजाम किए हैं। घाटों पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार निगरानी बनाए हुए हैं ताकि स्नान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार निर्जला एकादशी का व्रत और गंगा स्नान करने से वर्षभर की सभी एकादशियों के व्रत के समान फल प्राप्त होता है। इसी आस्था के चलते हरिद्वार में आज श्रद्धालुओं का सैलाब देखने को मिल रहा है।









