तीन चेन स्नेचिंग के बाद मुठभेड़, दिल्ली का चेन स्नेचर गिरफ्तार; साथी फरार

हरिद्वार: तीन चेन स्नेचिंग के बाद मुठभेड़, दिल्ली का चेन स्नेचर गिरफ्तार; साथी फरार

हरिद्वार

तीन चेन स्नेचिंग के बाद मुठभेड़ में दिल्ली का चेन स्नेचर गिरफ्तार, फरार साथी की जिले भर में तलाश

हरिद्वार शहर में लगातार हुई चेन स्नेचिंग की तीन वारदातों के बाद पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी। मंगलवार को हिल बाईपास मार्ग पर चेकिंग के दौरान पुलिस की बाइक सवार दो संदिग्ध बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। घायल बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पकड़े गए आरोपी की पहचान नरेश, निवासी सुल्तानपुरी, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने हरिद्वार में चेन स्नेचिंग की तीन वारदातों में शामिल होने की बात कबूल की है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी बाइक से शहर में घूमते थे और महिलाओं को निशाना बनाकर चेन लूटते थे।

मंगलवार सुबह ही खड़खड़ी क्षेत्र में एक महिला से चेन लूटने की घटना सामने आई थी। इससे दो दिन पहले भी इसी इलाके में महिला से चेन छीनने की वारदात हुई थी। वहीं कनखल क्षेत्र में भी चेन स्नेचिंग की घटना सामने आ चुकी थी।

लगातार हो रही घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने पुलिस अधिकारियों को बदमाशों की धरपकड़ के लिए सख्त निर्देश दिए थे। इसके बाद शहर कोतवाली पुलिस ने चेकिंग अभियान तेज किया और हिल बाईपास मार्ग पर संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया। घेराबंदी होते ही दोनों बदमाशों ने भागने की कोशिश की, जिसके बाद मुठभेड़ हुई।

फिलहाल पुलिस ने घायल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार साथी की तलाश में जिलेभर में सघन अभियान चलाया जा रहा है।