तीन दशक बाद नए रंग में नजर आएगा हरिद्वार का कलक्ट्रेट भवन,रंग रोगन का कार्य हुआ शुरू

तीन दशक बाद नए रंग में नजर आएगा हरिद्वार का कलक्ट्रेट भवन,रंग रोगन का कार्य हुआ शुरू

दिवाली से पहले हरिद्वार का ऐतिहासिक कलक्ट्रेट भवन नई रंगत में नजर आएगा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर कलक्ट्रेट भवन की बाहरी दीवारों पर रंग-रोगन का कार्य शुरू कराया गया है। लंबे समय से रंगाई-पुताई का इंतजार कर रहे भवन को करीब तीन दशक बाद नया स्वरूप देने की कवायद शुरू हुई है।
कलक्ट्रेट भवन हरिद्वार के प्रशासनिक कामकाज का प्रमुख केंद्र होने के साथ ही शहर की पहचान से भी जुड़ा हुआ है। भवन की बाहरी दीवारों पर रंग-रोगन के बाद पूरे परिसर का स्वरूप पहले से अधिक साफ-सुथरा और व्यवस्थित नजर आने लगा है।


जानकारी के अनुसार हरिद्वार कलक्ट्रेट भवन का उद्घाटन 11 फरवरी 1997 को तत्कालीन उत्तर प्रदेश के राज्यपाल रोमेश भंडारी ने किया था। उस समय डॉ. एस.एस. संधू हरिद्वार के जिलाधिकारी थे। भवन के उद्घाटन के करीब तीन दशक बाद अब बड़े स्तर पर इसकी बाहरी दीवारों की रंगाई-पुताई कराई जा रही है।


जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर चल रहे इस कार्य को दिवाली की तैयारियों से भी जोड़कर देखा जा रहा है। रंग-रोगन का काम पूरा होने के बाद रोशनी और सजावट के बीच कलक्ट्रेट भवन का बदला हुआ स्वरूप लोगों को नजर आएगा। प्रशासनिक भवन के लंबे समय बाद हुए कायाकल्प से पूरे परिसर की तस्वीर बदलने की उम्मीद है।