हरिद्वार के दक्षेश्वर महादेव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब
हरिद्वार में इन दिनों हर तरफ भोलेनाथ की भक्ति का रंग देखने को मिल रहा है। “बम-बम भोले”, “हर-हर महादेव”, “जय भोलेनाथ” और “जय शिव शंकर” के जयकारों से हरिद्वार का हर शिवालय गूंज रहा है। लेकिन भगवान शिव की ससुराल कहे जाने वाले कनखल स्थित प्राचीन दक्षेश्वर महादेव मंदिर का नजारा देखते ही बन रहा है।
दक्षेश्वर महादेव मंदिर में देर रात से ही शिव भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। लंबी-लंबी कतारों में लगकर श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर रहे हैं। हर भक्त की कोशिश है कि सबसे पहले भोलेनाथ का जलाभिषेक कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया जाए।
मंदिर परिसर में बड़े-बुजुर्गों से लेकर महिलाएं और बच्चे तक भगवान शिव की आराधना के लिए पहुंचे हैं। श्रद्धालु अपनी बारी का इंतजार करते हुए भोलेनाथ के जयकारे लगा रहे हैं और अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए भगवान शिव से प्रार्थना कर रहे हैं।
मान्यता है कि सावन के पवित्र महीने में भगवान शिव अपनी ससुराल कनखल स्थित दक्षेश्वर महादेव मंदिर में विराजमान रहते हैं।* इसी आस्था के चलते सावन में यहां देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर उनका आशीर्वाद लेते हैं।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात है, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन और जलाभिषेक के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
फिलहाल, पूरा कनखल हर-हर महादेव और “बम-बम भोले” के जयकारों से गूंज रहा है और दक्षेश्वर महादेव मंदिर में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है।










