अर्धकुंभ 2027 को लेकर हरिद्वार विकास समिति ने सौंपा सुझाव पत्र, स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की मांग



कुंभ मेलाधिकारी सोनिका से मुलाकात कर समिति ने ऐप लॉन्च, स्थानीय व्यापारियों को प्राथमिकता और स्वयंसेवकों की नियुक्ति समेत कई अहम सुझाव दिए।

हरिद्वार में आयोजित होने वाले अर्धकुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर हरिद्वार विकास समिति का एक प्रतिनिधिमंडल समिति अध्यक्ष रवि बाबू शर्मा के नेतृत्व में कुंभ मेलाधिकारी सोनिका से मिला। इस दौरान समिति ने उन्हें गंगाजली और रुद्राक्ष की माला भेंट कर आगामी अर्धकुंभ के दिव्य, भव्य और सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।

प्रतिनिधिमंडल ने मेलाधिकारी को एक मांग पत्र सौंपते हुए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। समिति अध्यक्ष रवि बाबू शर्मा ने मांग की कि अर्धकुंभ मेले में स्थानीय युवाओं को स्वयंसेवक के रूप में नियुक्त कर उन्हें उचित मासिक मानदेय दिया जाए, जिससे युवाओं को रोजगार के अवसर भी मिल सकें और मेले की व्यवस्थाएं भी बेहतर हों।

इसके अलावा समिति ने सुझाव दिया कि मेले में आवंटित होने वाले स्टॉलों में हरिद्वार के पुराने व्यापारियों और वेंडरों को प्राथमिकता दी जाए। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एक विशेष मोबाइल ऐप लॉन्च करने की भी मांग की गई, जिसमें रूट मैप, पार्किंग की उपलब्धता और स्नान तिथियों सहित सभी आवश्यक जानकारियां उपलब्ध हों।

समिति ने ज्ञापन के माध्यम से अन्य कई सुझाव भी मेलाधिकारी को सौंपे। मेलाधिकारी सोनिका ने सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन देते हुए कहा कि जो प्रस्ताव व्यवहारिक होंगे, उन्हें संबंधित बैठकों में शामिल कर अमल में लाने का प्रयास किया जाएगा।

इस अवसर पर हरिद्वार विकास समिति के अध्यक्ष रवि बाबू शर्मा के साथ राघव मित्तल, जतिन सोढ़ी, मोहित गर्ग, मोहित गौड़ सहित अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।