हरिद्वार के विश्व प्रसिद्ध मनसा देवी मंदिर में अब पुजारी बिना जेब वाले कुर्ते में ही श्रद्धालुओं की सेवा करते नजर आएंगे। मंदिर में चढ़ावे की व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के लिए यह नई व्यवस्था लागू की गई है। हाल ही में सामने आए चढ़ावे से जुड़े विवादों के बाद मां मनसा देवी ट्रस्ट ने यह अहम फैसला लिया है। इसके साथ ही चढ़ावे की निगरानी के लिए सात सदस्यीय समिति का गठन किया गया है, जो सीसीटीवी कैमरों के जरिए पूरी व्यवस्था पर नजर रखेगी।
मां मनसा देवी ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रवींद्र पुरी ने बताया कि कुछ पुजारियों की अनियमितताओं के कारण पूरे मंदिर प्रबंधन की छवि प्रभावित होती है। इसी को रोकने के लिए पुजारियों के लिए बिना जेब वाले कुर्ते का ड्रेस कोड अनिवार्य किया गया है। साथ ही सात सदस्यीय निगरानी समिति को ईमानदारी और पारदर्शिता बनाए रखने की शपथ भी दिलाई गई है। ट्रस्ट का कहना है कि इस नई व्यवस्था से श्रद्धालुओं का विश्वास और अधिक मजबूत होगा तथा मंदिर में आने वाले चढ़ावे का प्रबंधन पूरी पारदर्शिता के साथ किया जा सकेगा।











