एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत नेशनल हाईवे स्थित शंकराचार्य चौक पर विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना हेलमेट वाहन चला रहे लोगों को रोककर सड़क दुर्घटनाओं के प्रति जागरूक किया गया तथा उन्हें हेलमेट पहनाकर भविष्य में नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई।

कार्यक्रम के दौरान यातायात नियमों के उल्लंघन में हरिद्वार पुलिस द्वारा जब्त किए गए रेट्रो साइलेंसर एवं प्रेशर हॉर्न का नियमानुसार विनिष्टीकरण भी किया गया। पुलिस अधिकारियों ने आमजन को संदेश दिया कि वाहन में रेट्रो साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न का प्रयोग न करें, क्योंकि इससे ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस प्रकार के उल्लंघनों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही सुरक्षित यातायात व्यवस्था संभव है। उन्होंने वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने की भी अपील की है।













