चर्चित हैप्पी हत्याकांड का एसएसपी नवनीत सिंह ने किया खुलासा

चर्चित हैप्पी हत्याकांड का एसएसपी नवनीत सिंह ने किया खुलासा, मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार

बहादराबाद थाना पुलिस ने पतंजलि रोड शांतरशाह पर हुए 28 वर्षीय हैप्पी हत्याकांड का खुलासा करते हुए एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। देर रात नहर पटरी पर चेकिंग के दौरान पुलिस की बाइक सवार बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, बदमाशों की ओर से फायरिंग किए जाने पर जवाबी कार्रवाई में 25 हजार रुपये का इनामी आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुठभेड़ के दौरान आरोपी का एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर अस्पताल पहुंचे और घायल आरोपी से जुड़े घटनाक्रम की जानकारी ली।


प्रेसवार्ता में एसएसपी ने बताया कि 14 सितंबर को बहादराबाद के शांतरशाह में हैप्पी की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और मुखबिरी का शक सामने आया। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी इस्तकार वर्ष 2022 में अपने खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई और स्मैक के धंधे में बार-बार पुलिस से पकड़वाने की धमकी को लेकर हैप्पी से रंजिश रखता था। इसी के चलते उसने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।


मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस, मोबाइल फोन तथा वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस टीम की सफलता पर एसएसपी और आईजी गढ़वाल की ओर से नकद इनाम की घोषणा भी की गई है।