हरिद्वार। गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप शनिवार को हरिद्वार दौरे पर रहे। उन्होंने सबसे पहले कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर शहर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इसके बाद हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (HRDA) की बोर्ड बैठक में शामिल होकर अधिकारियों के साथ विकास कार्यों और प्राधिकरण से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों की समीक्षा की।
बोर्ड बैठक और स्थलीय निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत में मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने बताया कि HRDA द्वारा सृजित परिसंपत्तियों के निस्तारण और शहर के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। उन्होंने प्राधिकरण की परिसंपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
मंडलायुक्त ने बताया कि ऐसे कई प्रकरण, जिन्हें शासन स्तर पर संदर्भित किया जाना था, उन पर बोर्ड बैठक में विचार-विमर्श के बाद शासन को भेज दिया गया है। साथ ही नगर नियोजन अधिनियम के तहत अवैध निर्माण और अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
कुंभ मेले के लिए आठ विकास कार्य
आनंद स्वरूप ने बताया कि कुंभ मेले से जुड़े कार्यों के तहत HRDA को शहर के सौंदर्यीकरण, फसाड सुधार और चिड़ियापुर में गेट निर्माण समेत कुल आठ कार्य करने हैं। इन कार्यों के लिए धनराशि स्वीकृत हो चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि महायोजना का प्रस्ताव फिलहाल शासन स्तर पर विचाराधीन है। वहीं प्राधिकरण की संपत्तियों की बिक्री में तेजी लाने के लिए केवल अखबारों तक सीमित न रहते हुए सोशल मीडिया और जनप्रतिनिधियों के माध्यम से भी व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं।
400 करोड़ रुपये से अधिक का बजट
मंडलायुक्त ने बताया कि प्राधिकरण का लगभग 400 करोड़ रुपये से अधिक का बजट पारित हुआ है। यह बजट मुख्य रूप से प्राधिकरण की परिसंपत्तियों की बिक्री और आय पर निर्भर करेगा। इसलिए परिसंपत्तियों के निस्तारण और बिक्री की प्रक्रिया को गति देने पर भी विशेष जोर दिया गया है।
गढ़वाल मंडलायुक्त ने अधिकारियों को कुंभ मेले की तैयारियों के तहत विकास और सौंदर्यीकरण के कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के साथ-साथ अवैध निर्माण और भूमि संबंधी धोखाधड़ी के मामलों में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।













