तीन मदरसों में धार्मिक शिक्षा पर चेतावनी, एक सप्ताह में मान्यता नहीं तो बंद करने की कार्रवाई

हरिद्वार। बहादराबाद ब्लॉक क्षेत्र में मदरसों के निरीक्षण के दौरान तीन संस्थानों में धार्मिक शिक्षा दिए जाने का मामला सामने आया है। उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. सुरजीत सिंह गांधी ने क्षेत्र के करीब सात मदरसों का निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था, दस्तावेज, बुनियादी सुविधाओं, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान तीन ऐसे मदरसे पाए गए, जिन्हें शिक्षा विभाग से मान्यता प्राप्त है, लेकिन उन्होंने उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण से मान्यता नहीं ली थी। इन संस्थानों में धार्मिक शिक्षा दिए जाने की बात भी सामने आई।

प्राधिकरण अध्यक्ष डॉ. सुरजीत सिंह गांधी ने संबंधित मदरसा संचालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि धार्मिक शिक्षा संचालित करने के लिए प्राधिकरण से आवश्यक मान्यता लेना जरूरी है। उन्होंने निर्देश दिया कि एक सप्ताह के भीतर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाए, अन्यथा मदरसों को बंद करने की कार्रवाई की जा सकती है।

डॉ. गांधी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन के अनुरूप धार्मिक शिक्षा प्राप्त करने वाले बच्चों को मुख्यधारा की शिक्षा से जोड़ना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और नियमानुसार शिक्षा उपलब्ध कराना आवश्यक है।

निरीक्षण के दौरान कुछ संस्थानों में दस्तावेज अधूरे पाए गए, जबकि कुछ जगहों पर बुनियादी व्यवस्थाओं में भी कमियां मिलीं। अधिकारियों ने संबंधित संचालकों को निर्धारित औपचारिकताएं पूरी करने और शिक्षा संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।