हरिद्वार: सावन के दूसरे सोमवार के अवसर पर हरिद्वार के कनखल स्थित प्राचीन दक्षेश्वर महादेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह तड़के से ही भक्त मंदिर परिसर में लंबी कतारों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।
मान्यता है कि भगवान भोलेनाथ पूरे सावन माह अपनी ससुराल कनखल में विराजमान रहते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, अपने ससुर राजा दक्ष को दिए वचन के चलते भगवान शिव सावन के पूरे महीने दक्षेश्वर महादेव मंदिर में निवास करते हैं और यहां आने वाले भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं।
सावन के दूसरे सोमवार पर मंदिर में सुबह से ही हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालु गंगाजल और अन्य पूजन सामग्री के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए कतारों में खड़े दिखाई दिए।
वहीं, देश के अलग-अलग राज्यों से हरिद्वार पहुंचे शिवभक्त कांवड़िए भी बड़ी संख्या में मंदिर पहुंच रहे हैं। कांवड़िए “बम-बम भोले”, “जय शिव शंकर” और “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।
सावन के दूसरे सोमवार पर कनखल का पूरा क्षेत्र शिवभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की ओर से भी व्यवस्थाएं की गई हैं।











