कांग्रेस ने उत्तराखंड में *“मेरा वोट, मेरा अधिकार”* अभियान की शुरुआत की है, जिसका मुख्य उद्देश्य मतदाताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है। पंकज सिंह छेत्री, जो कि उत्तराखंड मताधिकार संरक्षण समिति के सदस्य हैं, ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनावी जीत के लिए मतदाता सूची में हेरफेर कर रही है। उन्होंने उदाहरण के तौर पर महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव और केदारनाथ चुनाव में हुई गड़बड़ियों का हवाला दिया।
पंकज ने कहा कि जनवरी में हुए नगर निकाय चुनावों के दौरान अधिकारियों ने मतदाता सूचियों से हजारों नाम हटा दिए और बाहरी लोगों के नाम जोड़ दिए, जो एक गंभीर मुद्दा है और इसकी जांच होनी चाहिए। इसके अलावा, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग ने इस मुद्दे पर नगर आयुक्त से शिकायत भी की है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने भी मतदाता सूचियों की जांच की आवश्यकता पर बल दिया और कहा कि पार्टी इस मुद्दे को जनता तक पहुंचाएगी। इस अभियान के माध्यम से कांग्रेस चुनावी प्रक्रियाओं में निष्पक्षता और स्वच्छता लाने की कोशिश कर रही है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता महेश प्रताप राणा, राजबीर सिंह चौहान एवं वरूण बालियान ने कहा कि हरिद्वार नगर निगम और नगर पालिका शिवालिक नगर की मतदाता सूचीयों की जांच करने पर कई अनियमितताएं सामने आयी हैं। मतदाताओं का विश्वास बनाए रखने के लिए मतदाता सूची की खामीयों को दूर किया जाए। पत्रकारवार्ता में वरिष्ठ कांग्रेस नेता मुरली मनोहर, दीपक टंडन, पूर्व पार्षद राजीव भार्गव, तरूण व्यास, पुनीत, विकास चंद्रा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।